एपेक्स इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल नकोदर में बाल दिवस धूमधाम से मनाया गया
अनिल ऐरी
एपेक्स इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल नकोदर में बाल दिवस धूमधाम से मनाया गया
नकोदर 1 4 नवंबर
एपेक्स इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल नकोदर में बाल दिवस बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। यह समारोह पंडित जवाहरलाल नेहरू जी के जन्मदिवस को समर्पित था। कार्यक्रम का आयोजन टैगोर हाउस द्वारा स्कूल की प्रिंसिपल मैडम शालू गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन में किया गया।
इस अवसर पर विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें मैडम हरप्रीत ने विद्यार्थियों को बाल दिवस के महत्व के बारे में जानकारी दी। प्री-प्राइमरी विंग को गुब्बारों, फूलों और रंग-बिरंगे बैनरों से खूबसूरती से सजाया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रेप से तीसरी कक्षा तक के विद्यार्थियों की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता रही। प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रिंसिपल शालू गुप्ता द्वारा दीप प्रज्वलित करके किया गया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने प्रिंसिपल शालू गुप्ता का फूलों से स्वागत किया।
इस प्रतियोगिता में बच्चों ने विभिन्न विषयों जैसे सामुदायिक सहायक, प्रकृति संरक्षण, भारत की महान हस्तियों और कार्टून पात्रों के रूप धारण करके अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। नन्हे बच्चों ने अपने किरदारों के बारे में दो-तीन वाक्य बोलकर पूरे आत्मविश्वास और मनमोहक अंदाज में सभी का मन मोह लिया। प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को प्रिंसिपल द्वारा ट्रॉफियां और प्रशंसा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के बाद विद्यार्थियों ने अपनी-अपनी कक्षाओं में अध्यापकों के साथ मिलकर केक काटा और खाने-पीने की विभिन्न चीजों का आनंद लिया। इसके अलावा डांस, संगीत, गुब्बारों से संबंधित खेलों और रंग भरने जैसी मनोरंजक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। अध्यापकों द्वारा सभी बच्चों को चॉकलेट, टॉफियां और गुब्बारे वितरित किए गए।
स्कूल के चेयरमैन सरदार रविंदर सिंह दोसांझ और प्रिंसिपल शालू गुप्ता ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी तथा बच्चों की प्रतिभा को निखारने के लिए अभिभावकों और अध्यापकों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। इसलिए बच्चों के सर्वांगीण विकास और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए उन्हें विभिन्न सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भाग लेने के अधिक से अधिक अवसर प्रदान करने चाहिए।
