डी.ए.वी. कॉलेज के खिलाड़ी अरमान ने ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ के कुश्ती मुकाबले में जीते गोल्ड मेडल * कॉलेज में विशेष समारोह के दौरान मुख्य अतिथि कोमल चीमा ने किया खिलाड़ी का सम्मान * कॉलेज प्रशासन अरमान जैसे होनहार खिलाड़ियों को हमेशा प्रोत्साहित करता रहेगा- प्रिं. सलिल कुमार
अनिल ऐरी
डी.ए.वी. कॉलेज के खिलाड़ी अरमान ने ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ के कुश्ती मुकाबले में जीते गोल्ड मेडल
* कॉलेज में विशेष समारोह के दौरान मुख्य अतिथि कोमल चीमा ने किया खिलाड़ी का सम्मान
* कॉलेज प्रशासन अरमान जैसे होनहार खिलाड़ियों को हमेशा प्रोत्साहित करता रहेगा- प्रिं. सलिल कुमार
नकोदर 24 अक्तूबर – के.आर.एम. डी.ए.वी. कॉलेज, नकोदर के होनहार खिलाड़ी अरमान (बी.ए. सेमेस्टर-1) ने ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ में शानदार प्रदर्शन करते हुए न सिर्फ अपने कॉलेज, बल्कि पूरे इलाके का नाम रोशन किया है। अरमान ने कुश्ती के मुकाबलों में कुल तीन मेडल अपने नाम किए हैं। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर कॉलेज में प्रिंसिपल डॉ. सलिल कुमार के नेतृत्व में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें आम आदमी पार्टी स्पोर्ट्स विंग पंजाब के वाइस प्रधान कोमल चीमा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि कई गांवों के पंच-सरपंच विशेष मेहमानों के रूप में शामिल हुए। समारोह की शुरुआत मेहमानों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित करके की गई, उपरांत डी.ए.वी. गान प्रस्तुत किया गया। सबसे पहले डॉ. साहिल अरोड़ा ने मेहमानों का स्वागत करते हुए कहा कि अरमान की यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी। प्रिंसिपल डॉ. सलिल कुमार ने संबोधन करते हुए कहा कि हमारे कॉलेज के लिए यह बड़े गर्व की बात है। खिलाड़ी अरमान ने अंडर-21, 61 किलोग्राम भार वर्ग में बठिंडा में हुए जिला स्तरीय मुकाबले में फ्रीस्टाइल और ग्रीको रोमन दोनों में दो स्वर्ण पदक और मानसा में हुए राज्य स्तरीय मुकाबले में फ्रीस्टाइल में कांस्य पदक जीता है। अरमान ने साबित कर दिया है कि अगर इरादा पक्का हो तो मेहनत से हर मंजिल हासिल की जा सकती है। कॉलेज प्रशासन ऐसे होनहार खिलाड़ियों को हमेशा प्रोत्साहित करता रहेगा। मुख्य अतिथि कोमल चीमा ने संबोधन करते हुए कहा कि पंजाब सरकार द्वारा ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ शुरू करने का मुख्य मकसद ही युवाओं को खेलों से जोड़ना और नशों से दूर रखना है। अरमान जैसे नौजवान ही पंजाब का भविष्य हैं। अरमान ने जो मेडल जीते हैं, वे उसकी कड़ी मेहनत का नतीजा हैं। मुझे उम्मीद है कि वह आगे राष्ट्रीय स्तर पर भी पंजाब का नाम रोशन करेगा। अंत में प्रो. समीर सभरवाल ने सभी का धन्यवाद किया। इस मौके पर एल.एम.सी. सदस्य प्रेम सागर शर्मा, प्रो. विनय कुमार, विपिन गुप्ता, आकाश चंद्र भल्ला, वाइस प्रिंसिपल प्रो. माधवी शर्मा, प्रो. सोनिया अरोड़ा, प्रो. नेहा कुमारी सहित समस्त स्टाफ सदस्य मौजूद थे।
