Wednesday, November 4, 2026
EducationJalandharNakodarPunjab

एम.डी. दयानंद मॉडल स्कूल, नकोदर में वार्षिक समारोह ‘भावयात्रा’ का भव्य आयोजन

अनिल ऐरी 

एम.डी. दयानंद मॉडल स्कूल, नकोदर में वार्षिक समारोह ‘भावयात्रा’ का भव्य आयोजन

नकोदर, 24 अक्टूबर

: एम.डी. दयानंद मॉडल स्कूल, नकोदर में वार्षिक समारोह ‘भावयात्रा’ का आयोजन बड़े उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया। ‘भावनाओं, अभिव्यक्तियों और अनुभवों का सफर’ विषय पर आधारित इस समारोह का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा, रचनात्मक सोच तथा आत्मविश्वास को प्रोत्साहित करना था।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. अनूप वत्स, राष्ट्रीय समन्वयक (कॉलेज), डी.ए.वी. सी.एम.सी. तथा प्राचार्य, डी.ए.वी. कॉलेज, जालंधर ने शिरकत की। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री ओंकार सिंह बराड़, डी.एस.पी., नकोदर भी उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा सभी अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन तथा डी.ए.वी. गान के साथ हुआ।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने साहित्य के विभिन्न रसों पर आधारित सांस्कृतिक एवं रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी कला, प्रतिभा और रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों को विभिन्न भावनाओं, विचारों तथा जीवन के विविध अनुभवों से जोड़ते हुए समारोह को यादगार बना दिया। विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और प्रस्तुति-कौशल की सभी ने भरपूर सराहना की।

इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन प्रमोद भारद्वाज जी, वाइस चेयरमैन अजय गोस्वामी जी, मैनेजर श्रीमती जसकिरण हरिका जी, आर.ए. डॉ. योगेश गंभीर जी तथा प्राचार्य बलजिंदर सिंह जी सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

विद्यालय के प्राचार्य बलजिंदर सिंह जी ने समारोह की सफलता के लिए विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास में वृद्धि तथा उनकी अंतर्निहित प्रतिभाओं को निखारने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

समारोह का संपूर्ण वातावरण उत्साह, उमंग, प्रसन्नता और कलात्मक रंगों से सराबोर रहा। इस यादगार आयोजन ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक शानदार मंच प्रदान किया तथा उपस्थित सभी लोगों के हृदय पर अमिट छाप छोड़ी।