कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल, नकोदर में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व
अनिल ऐरी
कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल, नकोदर में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व

नकोदर 23 नवंबर : कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल, नकोदर में सिख धर्म के संस्थापक, प्रथम पातशाही श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व बड़े श्रद्धा, सम्मान एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर विद्यालय में आध्यात्मिक एवं भक्तिमय वातावरण का सृजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय परिसर में श्री सुखमनी साहिब जी के पाठ के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त प्रबंधन सदस्यों, अध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने पूरी श्रद्धा एवं एकाग्रता के साथ गुरबाणी का आनंद लिया। इसके उपरांत विद्यालय परिसर में नगर कीर्तन सजाया गया, जिसमें विद्यार्थियों एवं अध्यापकों ने पूरी श्रद्धा के साथ भाग लिया। गुरबाणी के मधुर शबदों और ‘सतिनाम वाहेगुरु’ के जाप से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस पावन अवसर पर गुरु साहिब की शिक्षाओं के अनुरूप सेवा एवं समानता की भावना को दर्शाते हुए संगत के लिए गुरु का लंगर भी वितरित किया गया। विद्यार्थियों, अध्यापकों एवं समस्त संगत ने श्रद्धापूर्वक लंगर ग्रहण किया। इस पहल के माध्यम से बच्चों को निःस्वार्थ सेवा, विनम्रता एवं मिल-बाँटकर खाने के महत्व का संदेश दिया गया।
विद्यार्थियों को गुरु साहिब के जीवन, उनकी शिक्षाओं तथा समस्त मानवता को दिए गए समानता, सेवा, विनम्रता एवं भाईचारे के संदेश से अवगत करवाया गया। उन्हें गुरु साहिब के महान सिद्धांतों ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यालय प्रबंधन ने इस पावन अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। विद्यालय के प्रधानाचार्यों ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएँ आज भी संपूर्ण मानवता के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को आपसी प्रेम, एकता, सेवा एवं सद्भावना की भावना अपनाने का संदेश दिया।
इस प्रकार यह पावन समारोह गुरबाणी की मधुरता, आध्यात्मिकता और गुरु साहिब के प्रति अटूट श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन ने विद्यार्थियों के मन में गुरु साहिब की शिक्षाओं के प्रति सम्मान और उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करने की प्रेरणा जागृत की।
