Wednesday, November 4, 2026
EducationJalandharPunjab

एपैकस इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में मनाया गया पोषण माह

अनिल ऐरी 

एपैकस इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में मनाया गया पोषण माह

नकोदर 8 अक्तूबर

एपैकस टरनेशनल पब्लिक स्कूल में प्रिंसिपल शालू गुप्ता के कुशल नेतृत्व में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक ‘पोषण माह’ उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर स्कूल के नेहरू हाउस की ओर से विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। श्रीमती गीतांजलि ने ‘सही पोषण, देश रोशन’ विषय पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने पोषण शपथ ली तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और संतुलित आहार को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। पोषण माह का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पौष्टिक एवं संतुलित भोजन, स्वस्थ खान-पान की आदतों तथा जंक फूड से परहेज के प्रति जागरूक करना था।

हेल्थ एंड वेलनेस क्लब तथा विज्ञान विभाग की ओर से विद्यार्थियों को संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं शारीरिक विकास की निगरानी के लिए उनका कद एवं वजन भी मापा गया। छठी एवं सातवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए ‘स्वस्थ खाओ, स्वस्थ रहो’ विषय पर नारा लेखन एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताएं करवाई गईं, जबकि चौथी एवं पांचवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए पोषण माह से संबंधित क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई।

छठी से दसवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने स्कूल तथा आसपास के क्षेत्र में जागरूकता रैली निकालकर लोगों को स्वस्थ आहार एवं बेहतर जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। विज्ञान विभाग की ओर से छात्राओं के लिए एनीमिया तथा आयरन युक्त आहार के महत्व पर विशेष काउंसलिंग सत्र भी आयोजित किया गया।

शिक्षकों ने कक्षाओं में विद्यार्थियों को हाथ धोने, स्वच्छता बनाए रखने तथा योग के महत्व के बारे में जानकारी दी। स्कूल के चेयरमैन सरदार रविंदर सिंह दोसांझ एवं प्रिंसिपल शालू गुप्ता ने विद्यार्थियों और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को पौष्टिक एवं संतुलित भोजन ग्रहण करने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने तथा प्रतिदिन व्यायाम करने के लिए प्रेरित किया ।