एपेक्स इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, नकोदर में ‘वीर गाथा 6.0’ के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन
अनिल ऐरी
एपेक्स इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, नकोदर में ‘वीर गाथा 6.0’ के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन
नकोदर 31 अक्टूबर
सी.बी.एस.ई. के दिशा-निर्देशों के अनुसार देश के वीर सपूतों, वीरता पुरस्कार विजेताओं एवं स्वतंत्रता सेनानियों की बहादुरी की गाथाओं और जीवन परिचय से विद्यार्थियों को परिचित करवाने के उद्देश्य से एपेक्स इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, नकोदर में ‘वीर गाथा 6.0’ के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। ये गतिविधियाँ ‘अपनी रचनात्मकता को पंख दें’ विषय के अंतर्गत स्कूल की प्रिंसिपल मैडम शालू गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित की गईं।
इस अवसर पर विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें अध्यापिका मैडम पूजा ने विद्यार्थियों को ‘वीर गाथा 6.0’ के बारे में जानकारी देते हुए इसके महत्व से अवगत करवाया।
इस अभियान के अंतर्गत कक्षा तीसरी से पाँचवीं, छठी से आठवीं, नौवीं से दसवीं तथा ग्यारहवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के लिए चार अलग-अलग वर्गों में गतिविधियाँ आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने कविता लेखन, अनुच्छेद लेखन, निबंध लेखन, चित्रकला एवं पेंटिंग के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इन रचनाओं का विषय वीरता पुरस्कार विजेताओं तथा देश के महान नायकों के जीवन पर आधारित था। विद्यार्थियों ने कैप्टन विक्रम बत्रा, मधुमिता मित्तल, शहीद-ए-आज़म सरदार भगत सिंह तथा झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई जैसी महान विभूतियों के जीवन और बलिदान को अपनी रचनाओं के माध्यम से प्रस्तुत किया।
प्रत्येक वर्ग में से सर्वश्रेष्ठ प्रविष्टि का चयन करके उसे सी.बी.एस.ई. के ‘वीर गाथा’ पोर्टल पर अपलोड किया गया। चयनित विद्यार्थियों को ई-सर्टिफिकेट भी प्रदान किए गए।
इस अवसर पर स्कूल के चेयरमैन सरदार रविंदर सिंह दोसांझ एवं प्रिंसिपल मैडम शालू गुप्ता ने सी.बी.एस.ई. की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियाँ विद्यार्थियों को देश के वास्तविक नायकों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करवाने के साथ-साथ उनमें देशभक्ति, वीरता और रचनात्मकता की भावना भी विकसित करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रयासों की भी भरपूर प्रशंसा की।
